Honor 600 Lite 5G की पहली झलक! RAM और प्रोसेसर डिटेल्स Geekbench पर आई सामने

ऑनर एक बार फिर अपनी नई नंबर सीरीज के साथ स्मार्टफोन बाजार में बड़ा धमाका करने की तैयारी में है। पिछले साल नवंबर 2025 में कंपनी ने 500 सीरीज को चीन में लॉन्च किया था और अब बारी है नई 600 सीरीज की, जिसका इंतजार टेक लवर्स बेसब्री से कर रहे हैं। इसी बीच अपकमिंग Honor 600 Lite 5G को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। यह फोन आधिकारिक लॉन्च से पहले ही गीकबेंच पर लिस्ट हो गया है, जहां इसकी रैम, प्रोसेसर और ऑपरेटिंग सिस्टम से जुड़ी अहम डिटेल्स का खुलासा हुआ है। लीक के बाद माना जा रहा है कि यह मिड-रेंज सेगमेंट में बड़ा गेम चेंजर साबित हो सकता है।

गीकबेंच पर यह स्मार्टफोन HONOR LNA-NX1 मॉडल नंबर के साथ स्पॉट हुआ है और लिस्टिंग 9 फरवरी की बताई जा रही है। बेंचमार्क स्कोर की बात करें तो फोन ने सिंगल-कोर टेस्ट में 994 प्वाइंट्स और मल्टी-कोर टेस्ट में 3023 प्वाइंट्स हासिल किए हैं, जो इसे पावरफुल परफॉर्मेंस कैटेगरी में खड़ा करते हैं। लिस्टिंग के मुताबिक यह डिवाइस 8GB रैम के साथ सामने आया है, जिसे बेस वेरिएंट माना जा रहा है, जबकि उम्मीद है कि कंपनी इसका 12GB रैम वेरिएंट भी लॉन्च कर सकती है। खास बात यह है कि फोन को लेटेस्ट Android 16 पर टेस्ट किया गया है और इसे MagicOS 10 के साथ पेश किया जा सकता है, जिससे यूजर्स को नया और स्मूद एक्सपीरियंस मिलने की उम्मीद है।

प्रोसेसर की बात करें तो गीकबेंच लिस्टिंग में मदरबोर्ड सेक्शन में LNAN कोडनेम दिखाई दिया है, जो एक ऑक्टाकोर चिपसेट की ओर इशारा करता है। इसकी बेस क्लॉक स्पीड 2.0GHz और टॉप स्पीड 2.4GHz बताई गई है। हालांकि आधिकारिक तौर पर चिपसेट का नाम सामने नहीं आया है, लेकिन टेक सर्कल में चर्चा है कि इसे MediaTek Dimensity 7100 प्रोसेसर पर लॉन्च किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो यह डिवाइस गेमिंग और मल्टीटास्किंग के मामले में शानदार प्रदर्शन दे सकता है।

वहीं अगर पूरी 600 सीरीज की बात करें तो लीक रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि स्टैंडर्ड Honor 600 मॉडल को 9000mAh की दमदार बैटरी के साथ पेश किया जा सकता है, जो मौजूदा 500 सीरीज से भी बड़ी होगी। याद दिला दें कि Honor 500 में 8000mAh की बैटरी दी गई थी, ऐसे में नई सीरीज बैटरी के मामले में बड़ा अपग्रेड लेकर आ सकती है। इसके अलावा 6.57 इंच की बड़ी डिस्प्ले मिलने की भी चर्चा है, जो मल्टीमीडिया और गेमिंग एक्सपीरियंस को और बेहतर बनाएगी।

अगर 500 सीरीज के टॉप मॉडल Honor 500 Pro पर नजर डालें तो यह 3.2GHz तक की क्लॉक स्पीड वाले Snapdragon 8s Gen 4 प्रोसेसर पर काम करता है और 12GB तथा 16GB रैम ऑप्शन में उपलब्ध है। इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट वाली 6.55 इंच OLED डिस्प्ले, 200 मेगापिक्सल का मेन कैमरा, 50 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा और 80W फास्ट चार्जिंग जैसी खूबियां दी गई हैं। ऐसे में साफ है कि कंपनी 600 सीरीज में भी पावरफुल बैटरी, दमदार प्रोसेसर और हाई-रेजोल्यूशन कैमरा के साथ बड़ा अपग्रेड देने की तैयारी में है, जिससे लॉन्च होते ही यह फोन मिड-रेंज मार्केट में हलचल मचा सकता है।

Leave a Comment