नथिंग की नई स्मार्टफोन सीरीज को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार चर्चाएं चल रही थीं और अब कंपनी ने खुद इसकी लॉन्च डेट पर मुहर लगा दी है। ब्रांड के सीईओ Carl Pei ने आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है कि नथिंग फोन 4ए सीरीज 5 मार्च को ग्लोबल स्तर पर लॉन्च की जाएगी। इस सीरीज के तहत Nothing Phone 4a और Nothing Phone 4a Pro पेश किए जाएंगे और भारत समेत कई देशों में इन्हें एक साथ उतारा जाएगा। टेक फैंस के लिए यह तारीख खास इसलिए भी मानी जा रही है क्योंकि मार्च की शुरुआत में ही प्रीमियम स्मार्टफोन्स की रेस तेज होने वाली है।
लॉन्च डेट की घोषणा भी बेहद अलग अंदाज में की गई है जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। 4 मार्च को Apple का बड़ा इवेंट होने वाला है जिसमें iPhone 17e और नए मैकबुक मॉडल्स पेश किए जाने की चर्चा है। इसी पोस्टर को हल्के ट्विस्ट के साथ नथिंग ने अपने नाम से शेयर कर दिया। पोस्टर में Apple की जगह Nothing लिखा गया और तारीख 4 मार्च से बदलकर 5 मार्च कर दी गई। इस क्रिएटिव मूव ने साफ कर दिया कि ब्रांड सीधी टक्कर लेने के मूड में है और लॉन्च से पहले ही चर्चा बटोरने में कामयाब हो गया है।
सीरीज के तहत दो मॉडल लॉन्च किए जाने की संभावना है जिनमें Nothing Phone 4a और Nothing Phone 4a Pro शामिल होंगे। लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों फोन दो स्टोरेज वेरिएंट में आ सकते हैं जिनमें 8GB रैम के साथ 128GB स्टोरेज और 12GB रैम के साथ 256GB स्टोरेज शामिल हो सकती है। कलर ऑप्शन की बात करें तो स्टैंडर्ड मॉडल को ब्लैक और व्हाइट रंग में लाया जा सकता है जबकि प्रो वेरिएंट ब्लैक और सिल्वर शेड में उपलब्ध हो सकता है। डिजाइन को लेकर उम्मीद की जा रही है कि कंपनी अपनी सिग्नेचर ट्रांसपेरेंट स्टाइल को आगे बढ़ाएगी जिससे फोन एक बार फिर भीड़ से अलग नजर आए।
प्रो मॉडल के प्रोसेसर को लेकर भी काफी अटकलें हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो Nothing Phone 4a Pro में क्वालकॉम की Snapdragon 7 सीरीज का नया चिपसेट दिया जा सकता है। पिछले मॉडल में Snapdragon 7s Gen 3 प्रोसेसर दिया गया था इसलिए संभावना है कि इस बार यूजर्स को Snapdragon 7 Gen 4 जैसा अपग्रेड देखने को मिल सकता है। बेहतर परफॉर्मेंस के लिए फोन में LPDDR5x रैम और UFS 3.1 स्टोरेज तकनीक मिल सकती है। साथ ही eSIM सपोर्ट भी दिए जाने की चर्चा है जिससे कनेक्टिविटी और ज्यादा आसान हो जाएगी। पावर के लिए 5100mAh या 5200mAh बैटरी दी जा सकती है और इसे 50W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिल सकता है जिससे फोन कम समय में चार्ज हो सके।
डिस्प्ले की बात करें तो दोनों स्मार्टफोन्स में 120Hz रिफ्रेश रेट वाली फ्लैट OLED स्क्रीन दिए जाने की उम्मीद है। स्टैंडर्ड मॉडल में फुलएचडी+ रेजोल्यूशन मिल सकता है जबकि प्रो वेरिएंट 1.5K रेजोल्यूशन के साथ आ सकता है जिससे व्यूइंग एक्सपीरियंस और ज्यादा शार्प हो जाएगा। कैमरा सेक्शन भी इस बार खास रहने वाला है। Nothing Phone 4a Pro में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया जा सकता है जिसमें 50 मेगापिक्सल का Samsung OIS मेन सेंसर, 50 मेगापिक्सल Sony पेरिस्कोप लेंस और 8 मेगापिक्सल अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस शामिल हो सकता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 50 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलने की संभावना है। कुल मिलाकर नई नथिंग फोन 4ए सीरीज मिड रेंज सेगमेंट में प्रीमियम फीचर्स के साथ बड़ा धमाका करने की तैयारी में नजर आ रही है।